सबसे बड़ा निवेश: स्वास्थ्य या धन?
- योग गुरु डॉ.मिलिन्द्र त्रिपाठी
स्वास्थ्य पहले या पैसा? निर्णय आज ही करना होगा
स्वास्थ्य पर किया गया हर निवेश, भविष्य की सबसे सुरक्षित पूंजी है।
हम टीवी, मोबाइल और ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म का रिचार्ज बिना सोचे-समझे करा लेते हैं, लेकिन जब बात अपने शरीर और स्वास्थ्य को "रिचार्ज" करने की आती है, तो हमें वह खर्च लगता है।
योग, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली हमारे शरीर को नई ऊर्जा देते हैं। यह कोई खर्च नहीं, बल्कि अपने जीवन में किया गया सबसे बड़ा निवेश है। विडंबना यह है कि हम आज कुछ रुपये बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वही बचाया हुआ पैसा कल डॉक्टरों की फीस, दवाइयों, अस्पतालों और महंगी जांचों पर बिना किसी मोलभाव के खर्च कर देते हैं।
आखिर हम अपनी सोच कब बदलेंगे?
एक बार होटल में भोजन करने, ऑनलाइन वेवजह शॉपिंग करने या मनोरंजन पर हजारों रुपये खर्च करके हमें खुशी मिलती है, लेकिन अपने स्वास्थ्य पर खर्च करना हमें भारी लगने लगता है। क्या कुछ घंटों का आनंद, जीवनभर के अच्छे स्वास्थ्य से अधिक मूल्यवान है?
आज हम लगभग प्रतिदिन सुनते और देखते हैं कि कम उम्र में ही हृदयाघात और अन्य गंभीर बीमारियाँ लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। ऐसे समय में बैंक में जमा पैसा सीमित समय तक ही सहारा बन सकता है, लेकिन यदि शरीर स्वस्थ हो तो व्यक्ति लंबे समय तक अपने परिवार का सहारा बन सकता है, अपने बच्चों के सपनों को पूरा कर सकता है और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकता है।
बुरा समय कभी पूछकर नहीं आता और न ही बीमारी पहले से सूचना देती है। इसलिए जब शरीर स्वस्थ है और अवसर हमारे हाथ में है, तो क्यों न आज से ही नियमित योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें?
याद रखिए—पैसा खोकर फिर कमाया जा सकता है, लेकिन स्वास्थ्य खोने के बाद उसे वापस पाना हमेशा आसान नहीं होता। इसलिए सबसे बड़ा निवेश अपने स्वास्थ्य में कीजिए, क्योंकि स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन के हर सुख का वास्तविक आनंद ले सकता है।